कोटद्वार/दुगड्डा। दुगड्डा नगर क्षेत्र के सामने हरेभरे जंगल को शरारती तत्वों ने आग लगाकर वन संपदा को नुकसान पहुंचाया है। सूचना मिलने पर पहुंची आरक्षित वन व सिविल सोयम विभाग की टीम आग पर काबू पाने में जुटी है।
शनिवार को दोपहर के समय सरुड़ा गांव के ऊपरी हिस्से में किसी ने जंगल में आग लगा दी। हवा तेज चलने से आग चारों ओर फैलने लगी। आग दरकती पहाड़ी तक पहुंच गई। इस पर काबू पाने के लिए पहुंची वन विभाग की टीमों के लिए चुनौती खड़ी हो गई। सरुड़ा से आग जोग्याणा गांव की ओर फैल रही थी। विगत दिवस भी जुवा गांव के नीचे आग लगी हुई थी। तब भी वन विभाग की टीमों को आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। शनिवार को भी टीम वनाग्नि पर काबू पाने में जुटी रही। वहीं, सतपुली समेत अन्य क्षेत्रों में शनिवार को वनाग्नि की कोई घटना नहीं होने से कुछ राहत महसूस की गई।
वहीं, पिछले कुछ दिनों से लैंसडौन रेंज के अंतर्गत कई जगहों पर रुक-रुककर वनाग्नि की घटनाएं होने से वनकर्मियों की मशक्कत काफी बढ़ गई है। छावनी वन क्षेत्र में भी आग लगने से वन संपदा को काफी क्षति झेलनी पड़ी। संवाद