कण्वाश्रम-मवाकोट मार्ग पर स्रोत में जलस्तर बढ़ने से कर्मचारी दफ्तर और बच्चे स्कूल नहीं जा सके
संवाद न्यूज एजेंसी
कण्वघाटी। भाबर क्षेत्र में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश से नदी नाले उफान पर बहे। मालन, तेलीस्रोत और कण्वाश्रम वैकल्पिक मार्ग पर कई गदेरों के उफान पर बहने से लोगों की आवाजाही ठप हो गई। वहीं किशनपुर-रामदयालपुर के बीच तेलीसोत के उफान में एक कार बह गई। चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
कलालघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को करीब नौ बजे कलालघाटी निवासी केशव सिगड्डी से किशनपुर की ओर कार से आ रहा था। तेलीस्रोत गदेरे को पार करते हुए कार बीच में ही बंद हो गई। चालक तुरंत कार से निकला और ट्रैक्टर की मदद से कार को रस्सी से बांधकर बाहर निकालने का प्रयास करने लगा। इतने में अचानक स्रोत का जलस्तर बढ़ गया और कार पर बांधी गई रस्सी टूट गई। इसके बाद उफान में कार बह गई और एक किमी आगे लोकमणिपुर में फंस गई। गदेरा उफान पर बहने से रपटे के दोनों ओर वाहनों की लाइन लगी रही। वहीं कण्वाश्रम-मवाकोट मार्ग पर दो जगह स्रोत में अत्यधिक जलस्तर बढ़ जाने से आवागमन ठप हो गया। कोटद्वार से ग्रोथ सेंटर आने वाले कर्मचारी और स्कूली बच्चे वहीं से कोटद्वार लौट गए। बताया कि सभी संवेदनशील जगहों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। लोगों को स्रोतों और नदी पार करने से रोका जा रहा है।
भारी बारिश से लोनिवि दुगड्डा, लैंसडौन और बैजरो की 29 सड़कें बंद
कोटद्वार/ लैंसडौन। भारी बारिश से लोनिवि की सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। मलबा आने से लोनिवि दुगड्डा की 11, लैंसडौन की 12 और बैजरो की 6 सड़कों पर आवाजाही बाधित रही। मार्ग बंद होने से इन मार्गों से जुड़े सैकड़ों गांवों का सड़क संपर्क कट गया है। ग्रामीण कई किमी पैदल चलने के लिए मजबूर हैं। लोनिवि लैंसडौन के अधिशासी अभियंता पीएस बिष्ट ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से मलबा हटाने में दिक्कतें आ रही हैं। जेसीबी मलबे को हटाकर बंद मार्ग खोलने में जुटी है। लोनिवि दुगड्डा के अंतर्गत नालीखाल-बंचूरी-नैल-कपोलकाटल मार्ग, पौखाल-कण्वाश्रम मार्ग, बैजरो के अंतर्गत थलीसैंण-बूंगीधार-देघाट-जैनल-मानिला-डोटियाल-मरचूला स्टेट हाईवे समेत कई मार्ग अभी बंद हैं। संवाद
रोटरी क्लब ने आपदा पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
कोटद्वार। रोटरी क्लब कोटद्वार व इनव्हील क्लब की ओर से आपदा प्रभावित गाड़ीघाट, झूलापुल बस्ती के 20 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई। रोटरी क्लब के अध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल ने बताया कि आगे भी उनकी मदद की जाएगी। इस दौरान अध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल, प्रतिभा गुप्ता, सचिन गोयल ,विजय कुमार माहेश्वरी, विपिन बक्शी, वाईपी गिलरा, अनीत चावला, गोपाल बंसल, धनेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, इनरव्हील अध्यक्ष लतिका गोयल, सीमा उपाध्याय, रेनू अग्रवाल, बीना ऐलावादी आदि मौजूद रहे। संवाद