दुगड्डा। बाल विकास परियोजना विभाग दुगड्डा की ओर से साझासैंण स्थित दुगड्डा ब्लॉक सभागार में आयोजित संपूर्णता अभियान के समापन समारोह में 25 धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित किए गए। संपूर्णता अभियान विकासखंड में 4 जुलाई से 30 सितंबर तक चलाया गया।
मंगलवार को ब्लाॅक सभागार में आयोजित समापन समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि यमकेश्वर की विधायक रेनू बिष्ट ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए जिससे वह सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त सकें। उन्होंने बताया कि ब्लाक मुख्यालय में नेटवर्क की समस्या से निजात दिलाने के लिए दूर संचार कंपनियों से वार्ता की है। शीघ्र ब्लाॅक मुख्यालय में मोबाइल टावर की स्थापना की जाएगी। कहा कि दुर्गम क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य को पहली प्राथमिकता दी जाएगी।
बीडीओ बीडी रतूड़ी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रस्ताव संबंधित विभागों को प्रेषित किए गए हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मातृ शक्ति का आभार भी व्यक्त किया। स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम अखिलेश नैथानी ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। ब्लाक कृषि अधिकारी ओमनाथ ने कृषि विभाग की ओर से किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में अवगत कराया। प्रभारी सीडीपीओ शिवाली ने महिलाओं के विकास संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी महिलाओं से खुशहाल जीवन के लिए जागरूक रहने का आह्वान भी किया। इस मौके पर जीआईसी के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड नाटक के माध्यम से साक्षरता का संदेश दिया। महिला मंगल दल फतेहपुर की महिलाओं ने लोकगीत धरती हमरा गढ़वाल की...प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान विधायक रेनू बिष्ट ने छात्र-छात्राओं व 19 स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्तिपत्र वितरित भी किए। इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि राहुल जैन, एडीओ (पंचायत) जयदीप सिंह रावत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सचिन कश्यप, ब्लॉक मिशन मैनेजर नरेंद्र बिष्ट, नीति आयोग की आयशा, गिरीश खर्कवाल समेत रेखीय विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी धर्मेंद्र चौहान ने किया।