कोटद्वार। विद्या भारती से संबद्ध हेमनदास सरस्वती शिशु मंदिर जानकीनगर में स्वेदशी सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत शिशुओं, अभिभावकों और विद्यालय के आसपास के लोगों में स्वदेशी की भावना जागृत कर उन्हें स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप नौटियाल ने कहा कि जिस तरह पूर्व में विदेशी कंपनियों ने भारत में व्यापार के नाम पर अपना प्रभुत्व जमाकर भारत को गुलाम बनाए रखा। उसी तरह यदि हम विदेशी वस्तुएं अपनाएंगे तो पुन: हमारा देश-विदेशी ताकतों का गुलाम बन जाएगा। उन्होंने देश को समृद्ध बनाने के लिए सभी से स्वदेशी वस्तुएं अपनाने की अपील की। इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वदेशी वस्तुओं की उपयोगिता पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। जिसमें गीत व कविता के माध्यम से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से होने वाले लाभ बताए गए। इस मौके पर स्वदेशी अपनाएं देश को समृद्ध बनाएं, विदेशी वस्तुओं का करें बहिष्कार, स्वेदशी अपनाकर भारत वर्ष का सपना हो साकार आदि स्लोगनों के माध्यम से आसपास के लोगों को भी जागरूक किया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि अभियान में विद्यालय के सभी शिक्षक व स्टाफ सहयोग कर रहा है। इस मौके पर शिक्षक अंचल कुमार अग्रवाल और योगेश नेगी आदि मौजूद रहे।