सतपुली-दुधारखाल मोटर मार्ग पर दंगलेश्वर महादेव के समीप सड़क से मलबा हटाती लोनिवि की जेसीबी।
- फोटो : KOTDWAR
सतपुली-दुधारखाल मोटर मार्ग पर दंगलेश्वर मंदिर के समीप पड़े मलबे को लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड लैंसडौन ने हटा दिया है। अमर उजाला ने इस संबंध में गत 19 फरवरी को ‘सड़क पर पड़े मलबे से हादसे का डर’ शीर्षक से प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विभाग हरकत में आया और मार्ग से मलबा हटा दिया गया।
गत 9 जनवरी को भारी बारिश के कारण सतपुली-दुधारखाल मार्ग पर मलबा आने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया था। तब मार्ग को लोनिवि ने सुचारु किया गया था, लेकिन लोनिवि की ओर से जेसीबी के जरिए सिर्फ वाहन निकल सके इतना ही मलबा हटाया गया। बाकी मलबा सड़क किनारे छोड़ दिया गया था। नीचे गहरी खाई होने और उक्त स्थान पर मलबे के कारण मार्ग बेहद संकरा होने से दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ था। अमर उजाला ने मामले को 19 फरवरी के संस्करण में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के दो दिन बाद ही सोमवार शाम को लोनिवि की जेसीबी मलबे को हटाने में जुट गई थी। लोनिवि के अवर अभियंता मनोज नौगाईं ने बताया कि सतपुली-दुधारखाल मार्ग पर दंगलेश्वर मंदिर के समीप पड़े पूरे मलबे को हटा दिया गया है।