उत्तराखंड की सबसे बड़ी परिवहन कंपनी जीएमओयू के वार्षिक चुनाव में कुंवर सिंह रावत, नरेंद्र सिंह भंडारी और यशवंत सिंह संचालक निर्वाचित हुए। रिक्त तीन पदों के लिए सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। कोरोना संक्रमणकाल के कारण इस बार के चुनाव जीएमओयू मुख्यालय के बजाय चार केंद्रों पर कराए गए। चुनाव प्रक्रिया में कुल 344 मतदाता सदस्यों ने हिस्सा लिया।
जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने बताया कि इस वर्ष कोरोना संक्रमणकाल के कारण वार्षिक आम सभा का आयोजन गत शुक्रवार को चार उपकेंद्रों कोटद्वार, पौड़ी, ऋषिकेश और रुद्र्रप्रयाग में किया गया। इन केंद्रों पर रिक्त तीन संचालकों के चुनाव के लिए मतदान कराया गया। उन्होंने बताया कि चुनाव में सर्वाधिक मत पाकर कुंवर सिंह रावत, नरेंद्र सिंह भंडारी और यशवंत सिंह नेगी को विजयी घोषित किया गया। विजयी प्रत्याशियों की घोषणा शनिवार को कोटद्वार मुख्यालय में की गई। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया। नवरात्र के अवसर पर कंपनी के अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।