शुक्रवार को चार दिवसीय खातस्यूं शरदोत्सव का रंगारंग आगाज हो गया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने झांकी के साथ ही मार्चपास्ट निकाला। महिला मंगल दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
खातस्यूं विकास समिति की ओर से आयोजित खातस्यूं के द्वितीय शरदोत्सव का शुक्रवार को मुख्य अतिथि पौड़ी विधायक सुंदरलाल मंद्रवाल ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। इस थाती को जीवंत बनाने के लिए सभी को सतत प्रयास करने होंगे। इस दौरान विधायक मंद्रवाल ने शरदोत्सव आयोजन समिति को एक लाख की धनराशि देने की घोषणा की। साथ ही जूनियर हाईस्कूल चौंरखलूं को एक लाख, जनता इंटर कालेज पोखरीखेत को एक लाख और राजकीय इंटर कालेज सीकू को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष दिनेश रावत, बृजमोहन सिंह, ब्लाक प्रमुख पौड़ी संतोषी रावत, विधायक प्रतिनिधि विजय रतूड़ी, प्रेम सिंह रावत, ओमकार सिंह, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, भरत सिंह, दिनेश डोभाल आदि मौजूद थे।