लैंसडौन में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता में विजेता टीम कण्व सिटी एफसी को सम्मानित करते अतिथि।
- फोटो : KOTDWAR
लैंसडौन फुटबाल क्लब की ओर से आयोजित प्रथम शिक्षाविद् सतीश नैथानी मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता कण्वसिटी एफसी कोटद्वार ने जीत ली। प्रतियोगिता में सात टीमों ने प्रतिभाग किया।
सेना के डायस स्टेडियम में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ आर्मी स्कूल की पूर्व प्रधानाचार्या वसुंधरा मायाकोटी ने किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कण्वसिटी एफसी कोटद्वार और वीके मेमोरियल क्लब कोटद्वार के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में कण्वसिटी एफसी के साकेत नेगी ने 35वें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 40वें मिनट में दीपक राना ने दूसरा गोल दागकर विपक्षी टीम के अरमानों पर पानी फेर दिया। दूसरे हाफ में मैच बराबरी के लिए प्रतिद्वंद्वी टीम ने एड़ी चोटी का जोर लगाया, पर उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। मध्यांतर पूर्व कण्वसिटी एफसी कोटद्वार की यह बढ़त अंत तक कायम रही। समापन समारोह में आयोजक मंडल के सदस्यों कर्नल चंद्रपाल पटवाल (से.नि.), सिद्धार्थ रावत, संजय कन्नौजिया, प्रदीप खंडेलवाल, संजय नेगी ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।