कंदोली के अभिजीत चुने गए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज
कोटद्वार। सेंधीखाल प्रीमियर लीग समिति की ओर से फुलरसैंण (सेंधीखाल) स्थित क्रिकेट मैदान में चल रही सेंधीखाल प्रीमियर क्रिकेट लीग प्रतियोगिता कंदोली इलेवन की टीम ने जीत ली है। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में उसने गोरखपुर इलेवन की टीम को हराया।
रविवार को फाइनल मुकाबला कंदोली व गोरखपुर की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कंदोली इलेवन की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। अभिजीत ने 34 रनों की पारी खेली। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर इलेवन की टीम 67 रनों पर ही ढेर हो गई। प्रतियोगिता में शानदार बल्लेबाजी के लिए अभिजीत मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज और राहुल को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब दिया गया। उन्होंने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 18 विकेट झटके। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 18 टीमों ने प्रतिभाग किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि लैंसडौन के विधायक महंत दिलीप रावत, बीडीओ दुगड्डा बीडी रतूड़ी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एबीडीओ जयहरीखाल सीपी बलूनी, समिति के अध्यक्ष प्रदीप नेगी, उपाध्यक्ष अनुज राणा, कोषाध्यक्ष चंद्रमोहन नेगी, सूरज पाल नेगी, प्रताप सिंह चौहान, बृजमोहन नेगी, अनिल जखमोला, संदीप खरौला मौजूद रहे।