खिड़की व दरवाजे हो गए हैं चोरी, पर्यटन विभाग नहीं ले रहा सुध
कोटद्वार। जीएमवीएन की कौड़िया स्थित फ्लशडोर फैकटरी में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) के ड्रीम प्रोजेक्ट नार्थ कार्बेट रिजाॅर्ट उद्घाटन से पहले ही खंडहर में तब्दील हो गया है। अनदेखी और विभागीय उदासीनता के कारण दो साल पहले चोर रिजॉर्ट के खिड़की व दरवाजे चोरी कर ले गए थे। देखरेख के अभाव में मेन गेट के समीप चहारदीवारी क्षतिग्रस्त है। पर्यटन विभाग नॉर्थ कार्बेट रिजॉर्ट को इसी हालत में पीपीपी मोड पर संचालन के प्रयास कर रहा है, लेकिन रिजॉर्ट की हालत देखकर कोई भी उद्यमी इसे लेने को तैयार नहीं है।
कार्बेट पार्क समेत कोटद्वार और लैंसडौन आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यूटीडीबी ने एशियन डेवलपमेंट बैंक की सहायता से कोटद्वार के कौड़िया में नार्थ कार्बेट रिजॉर्ट के नाम से अत्याधुनिक रिजॉर्ट का निर्माण किया है। परियोजना में करीब 14 करोड़ की लागत आई है। पर्यटन विभाग पीपीपी मोड पर इसके संचालन के लिए कई बार टेंडर भी जारी कर चुका है, लेकिन अभी तक किसी भी संस्था ने इसके संचालन के लिए हामी नहीं भरी है।
इस बीच दिसंबर, 2023 में चोरों ने रिजॉर्ट से कीमती सामान के साथ ही खिड़की व दरवाजे तक चोरी कर लिए। वर्तमान में रिजॉर्ट खंडहर में तब्दील हो चुका है और मेन गेट के सामने चाहर दीवारी भी क्षतिग्रस्त है। देखरेख के अभाव में परिसर में घनी झाड़ियां उग गई है।
मुख्यालय स्तर से नॉर्थ कार्बेट रिजॉर्ट का संचालन पीपीपी मोड पर किया जाना है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। चहारदीवारी की मरम्मत के लिए जिला योजना में 15 लाख के बजट की डिमांड की गई है। साथ ही रिजॉर्ट की सुरक्षा के लिए पीआरडी के जवान की तैनाती भी कर दी गई है।
- मुकुल राठी, सहायक पर्यटन अधिकारी कोटद्वार।