जनसमस्या निवारण शिविर में मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख ने राशन कार्ड, परिवार रजिस्टरों में नाम सुधार, बीपीएल प्रमाणपत्र, विधवा, विकलांग और वृद्धा पेंशन प्रकरणों का निपटारा किया।
बदरीनाथ मार्ग स्थित डीसीडीएफ कार्यालय में संचालित किये जा रहे ब्लॉक के कैंप कार्यालय में जन समस्या के निवारण के साथ कक्षा 12वीं पास करने वाली सात बालिकाओं सहित शादी अनुदान के तहत आर्थिक सहायता के चेक वितरित किये गये। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुरेश असवाल ने कहा कि बदरीनाथ मार्ग पर ही डीसीडीएफ बिल्डिंग में ब्लॉक कार्यालय को संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर सप्ताह के मंगलवार को विकास खंड के समस्त अधिकारियों की मौजूदगी में जनसमस्याओं का निवारण किया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश सचिव मनवर सिंह आर्य, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय मेहरा, विनोद नेगी, पूरण चंद्र शर्मा, विकास खंड के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।