बैजरो/कोटद्वार। बीरोंखाल ब्लॉक के अंतर्गत तलांई-जामरी मोटर मार्ग पर एक जीप अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जीप में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल में भर्ती कराया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. शैलेंद्र रावत ने बताया कि बुधवार शाम को 5:00 बजे के करीब तलांई जामरी मोटर मार्ग पर एक जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में ग्राम जामरी निवासी जीप चालक शंकर सिंह (62) पुत्र कुंवर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। चालक शंकर सिंह ही वाहन के स्वामी भी थे। जीप सवार विकास पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम बवांसा मल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। जीप हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल में भर्ती कराया गया है। बताया कि वाहन चालक व मालिक शंकर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायल विकास की हालत खतरे से बाहर है। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। घायल विकास ने बताया कि वे लोग थलीसैंण से जामरी गांव लौट रहे थे। गांव से 200 मीटर पहले ही गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी गिरने के बाद तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।