जीएमओयू (गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड) के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने चारधाम यात्रा में प्रयुक्त होने वाली बसों को ग्रीन कार्ड पूर्व की भांति निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने सीएम को ज्ञापन प्रेषित किया।
जीएमओयू अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा में प्रयुक्त होने वाली बसों को परिवहन कार्यालय की ओर से ग्रीन कार्ड जारी किए जाते हैं, जिसमें वाहन के संबंध में सभी आवश्यक विवरण अंकित किए जाते हैं। इस व्यवस्था में परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन को चेकिंग करने में सुविधा रहती है। कहा कि शुरुआत में परिवहन विभाग की ओर से ग्रीन कार्ड बनाने में कोई शुल्क नहीं लिया जाता था, लेकिन गत कुछ वर्षों में इसके लिए शुल्क लिया जाने लगा है और प्रतिवर्ष शुल्क में बढ़ोत्तरी की जाने लगी है। कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते यात्रियों की संख्या नगण्य है। यदि कोई वाहन सीमित संख्या में यात्रियों को लेकर चारधाम यात्रा में जाता है, तो ऐसी स्थिति में वाहन को जारी ग्रीन कार्ड पर शुल्क लगाना उचित नहीं है। संवाद