कण्वघाटी/कोटद्वार। बरसात के दौरान मलबा आने के कारण कई जगहों पर सिंचाई गूल अवरुद्ध हो गई है। जिससे इन गूल में पानी सुचारु रूप से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। सिंचाई गूल अवरुद्ध होने से पानी का जमावड़ा सड़क पर हो रहा है। ऐसे में आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है।
भाबर क्षेत्र में किशनपुर से चक्रधर मोड़ के बीच सिंचाई गूल में मलबा भरा पड़ा होने से पानी सड़क पर बह रहा है। गूल में पानी और सड़क पर आवागमन अवरुद्ध हो रहा है। वहीं, सड़क पर पानी का जमावड़ा होने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर हुए गड्ढों पर आए दिन दुपहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। डॉ. कैलाश चंद्र, बृजमोहन रावत, राकेश ध्यानी, गीता सिंह, सीताराम और खीमानंद बेबनी का कहना है कि एक माह से नहर और कई जगहों पर सिंचाई गूल पूरी तरह से मलबे से भरी पड़ी हुई है। ऐसे में काश्तकार अपने खेतों के लिए सिंचाई गूल से जब पानी ले रहे हैं तो गूल का पानी सड़क पर बह रहा है। नवीन शर्मा, साहिल अजनबी और अमित कुकरेती का कहना है कि गूल का पानी लगातार सड़क पर बहने से सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस व्यस्ततम मार्ग से सिडकुल सिगड्डी ग्रोथ सेंटर के हजारों कर्मचारियों और श्रमिकों का भी आवागमन लगा रहता है। प्रतिदिन हजारों स्कूली बच्चे भी इसी मार्ग से होकर आवागमन करते हैं। मार्ग में पानी भरा होने से वहां बने बड़े-बड़े गड्ढों का अंदाजा न लग पाने से आए दिन दुपहिया वाहन सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से नहर की सफाई करवाने के मांग की है।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता कौशिद अली ने बताया कि सिंचाई विभाग की ओर से नहरों की सफाई कराई जाती है। गूल को संबंधित काश्तकारों की ओर से अपने उपयोग के लिए स्वयं साफ किया जाना चाहिए। फिर भी अवरुद्ध गूल से समस्या बन रही है, तो श्रमिक भेजकर सफाई कराई जाएगी।