कोटद्वार। मुख्य अग्निशमन अधिकारी पौड़ी ने फायर स्टेशन कोटद्वार का निरीक्षण कर अग्निशमन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में अग्निशमन कार्मिकों और संसाधनों की उपलब्धता के निर्देश दिए।
मंगलवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती ने स्टेशन परिसर, कार्यालय, स्टोर, एमटी शाखा, अभिलेखों और संचार व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्मिकों को सभी उपकरणों का उचित रखरखाव करने और उन्हें हमेशा क्रियाशील अवस्था में रखने के निर्देश दिए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने स्टेशन पर तैनात महिला एवं पुरुष फायरमैनों को सभी अग्निशमन और रेस्क्यू उपकरणों के संचालन की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए। दीपावली पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्टेशन प्रभारी को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने पर्याप्त अग्निशमन कर्मियों की तैनाती बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।