भारत स्वाभिमान न्यास पतंजलि परिवार की ओर से जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें योग साधकों ने योग को घर-घर तक पहुंचाने और स्वदेशी का प्रचार प्रसार करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर योग को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय कार्य के लिए पांच लोगों और योग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
देवी रोड तड़ियाल चौक स्थित के-प्राइड मॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पतंजलि योगपीठ के मुख्य केंद्रीय प्रभारी राकेश कुमार, प्रांत प्रभारी भास्कर औली, महिला राज्य प्रभारी सीमा जौहर, प्रताप बसेड़ा और रेणुका गुसाईं ने किया। इस अवसर पर मुख्य केंद्रीय प्रभारी राकेश कुमार ने योग को जीवन की पहली प्राथमिकता बताया। कहा कि दैनिक जीवन में आसन, प्राणायाम, समाधि ध्यान आदि का पालन करना आवश्यक है। योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर आत्मिक एवं शारीरिक रूप से स्वयं को स्वस्थ रखा जा सकता है। कहा कि देश को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए हमें स्वदेशी का प्रचार प्रसार करना है और स्वदेशी वस्तुओं को अधिक से अधिक प्रयोग करना है। देश की अखंडता के लिए आर्थिक रूप से हमें देश को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से योग के साथ स्वदेशी को अपनाने की अपील की। इस दौरान संस्था का सहयोग करने के लिए विजय कुमार, ऋषि ऐरन, राकेश एरन, रक्तदान के लिए दलजीत सिंह, योग प्रसार प्रचार के क्षेत्र में विशेष कार्य के लिए रजनी अग्रवाल, रणवीर सिंह रावत को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रभारी विजय नौटियाल, अमित सजवाण, उषा असवाल, महिला प्रभारी आशा रावत, शोभा रावत, विजय भाटिया, विजयपाल नेगी, महावीर सिंह बिष्ट, गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल, रश्मि केड़ियाल, बीना रावत, दिनेश जुयाल, महेश, आनंद कंडवाल, अरुणा पुंडीर आदि उपस्थित थे। संचालन शशि भूषण अमोली और प्रांत प्रभारी भास्कर औली ने किया।