कोटद्वार। दुगड्डा-नैनीडांडा मार्ग पर डंपर की टक्कर से हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले स्कूटी सवार नरेंद्र सिंह रावत के परिजनों को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 20.21 लाख मुआवजा देने का आदेश दिया है। अपर जिला जज एवं मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी रजनी शुक्ला ने यह निर्णय सुनाया। अदालत ने मुआवजा राशि पर नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने और एक माह के भीतर रकम जमा कराने का निर्देश दिया है।
16 दिसंबर 2023 को नरेंद्र सिंह रावत स्कूटी से अपने गांव जा रहे थे। दुगड्डा-नैनीडांडा मार्ग पर ग्राम बांसी, गोलीखेत के पास सामने से आ रहे डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण नरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी पिंकी रावत और अन्य परिजनों ने न्यायालय में मुआवजे के लिए याचिका दायर की थी। उन्होंने मृतक की मासिक आय करीब 90 हजार बताते हुए 50.20 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की। न्यायालय ने हादसे के लिए डंपर चालक की लापरवाही को जिम्मेदार माना।