जिला योजना की बैठक में सीडीओ हरक सिंह रावत ने शासन से जिला योजना के लिए प्राप्त धनराशि का मात्र 55 फीसदी ही खर्च होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाते हुए शेष धनराशि को शीघ्र विकास कार्यों में खर्च करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग व वन विभाग के अधिकारियों को अपनी कार्य शैली सुधारने को कहा।
विकास भवन सभागार में हुई इस बैठक में सीडीओ रावत ने पेयजल, शिक्षा, ऊर्जा निगम, समाज कल्याण समेत सभी विभागों को जनता से जुड़े कार्यों में गंभीरता लाने, विकास कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को माह में दो बार समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूल्ड हाउस योजना के तहत बनने वाले सामुदायिक भवनों समेत अन्य कार्यों मेें तेजी लाने को कहा। बीस सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा में सीडीओ ने कहा कि जो विभागों को बी और सी श्रेणी में हैं वे अपने कार्यों में निरंतर सुधार करें और ए श्रेणी प्राप्त करें।
उन्होंने शिक्षा विभाग से शीघ्र ही ई-लर्निंग योजना को शुरू करने को कहा। कहा कि इसे विभाग किसी भी विद्यालय में प्रयोग के तौर पर क्रियान्वित कर सकता है। इस मौके पर सीडीओ ने कृषि, उद्यान, सहकारिता, दुग्ध व उद्योग विभाग को फल पट्टी व काश्तकारी से जोड़ने हेतु इन विभागों को विशेष विभागीय कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में अर्थ एवं संख्याधिकारी निर्मल शाह, अनुपम सक्सेना, धर्मेंद्र भट्ट समेत आदि मौजूद थे।