ऊर्जा निगम की लापरवाही पूर्ण कार्यप्रणाली रिखणीखाल ब्लाक के 11 गांवों के लिए खतरे का सबब बनी हुई है। ऊर्जा निगम की हाईटेंशन विद्युत लाइन गांवों को जाने वाले खदरासी मार्ग के ऊपर झूल रही है, लेकिन शिकायत के बाद भी निगम के अधिकारी मामले में कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
रिखणीखाल ब्लाक के खदरासी, कांडा, तूणीचौड़, खेड़ा, बैडवाड़ी, दियोड़, बसुसेरा, जवाड़ियूंरौल, तूण्यों, सकनेड़ी, रौंदेड़ी आदि गांव के लोगों का मुख्य बाजार खदरासी है। यहां के लोगों का मार्ग से आना जाना लगा रहता है। मार्ग से तूणीचौड़ -वाणीचौड़ तक जा रही हाइटेंशन का निचला तार पैदल मार्ग पर महज करीब सात फुट पर झूल रहा है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्तिया बिनीता ध्यानी, सुरेंद्र सिंह ने बताया कि करीब एक माह से तार जमीन के करीब झूल रहे हैं। लोग इन स्थानों पर झुककर किसी प्रकार खतरे में रास्ते पर चल रहे हैं। बरसात में नमी होने के कारण करंट लगने का खतरा बना हुआ है। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खदरासी में कार्यरत कर्मी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मार्ग से स्कूली बच्चे भी आते हैं, बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्र पंचायत सदस्य बिनीता ध्यानी की ओर से खदरासी मार्ग पर हाई वोल्टेज लाइन के जमीन के पास झूलने की सूचना मिली है। कर्मचारियों को भेजकर शीघ्र लाइन को ठीक कर दिया जाएगा।
- अजीत कुमार, ऊर्जा निगम, उपखंड अधिकारी रिखणीखाल