हरीश रावत सरकार लोकतंत्र पर विश्वास नहीं करती है। हरीश रावत पूरी तरह अहंकारी हो गए हैं। आने वाले चुनाव में उनका यह दंभ भाजपा चूर-चूर कर देगी। यह बातें कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक सुबोध उनियाल ने कही।
उनियाल पत्रकार वार्ता में केदारनाथ धाम में कैलाश नाइट पर 10 करोड़ से ज्यादा की रकम खर्च करने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पूरी तरह सुरक्षित होने का संदेश यदि देश दुनिया तक पहुंचाना था, तो यात्रा शुरू होने से पहले पहुंचाते।
मुख्यमंत्री जान गए हैं कि अगले चुनाव में जनता उन्हें नकार देगी, इसलिए वे खुले आम प्रदेश को लूट रहे हैं। पीडीएफ को लेकर किए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक फ्रंट (संयुक्त प्रगतिशील मोर्चा) नहीं, बल्कि प्रोविंसियल डिस्ट्रेक्टिव फ्रंट (प्रांतीय विध्वंशकारी मोर्चा) है। पूरी सरकार प्रदेश हित के बजाय अपने हित में लगी है।
हरीश सरकार पर उन्होंने शराब माफियाओं से मिले होने का आरोप भी लगाया। टिकट के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति में सबकी अपनी-अपनी महत्वकांक्षाएं होती हैं। हर व्यक्ति टिकट की चाह में तैयारी में जुटा है। पार्टी जिसे टिकट देगी, सभी उसे जिताने में लग जाएंगे। इस दौरान समाजसेवी मोहन काला और आशीष उनियाल आदि मौजूद थे।