विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार पर गए अधिकारियों-कर्मचारियों के कारण उत्तराखंड ग्रामीण बैंक में शुक्रवार को ताले लटके रहे। बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया, जिससे बैंक में काम से आए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। कोटद्वार, दुगड्डा, यमकेश्वर, सतपुली, लैंसडौन समेत पौड़ी क्षेत्र की 62 शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी, अधिकारी एसोसिएशन के पौड़ी क्षेत्र के जनरल सेक्रेट्री कुलदीप सिंह रावत ने स्टाफ के लिए प्रायोजक बैंकों की भांति ऋण सीमा बढ़ाने, समान ब्याज दर, पुनर्भुगतान अवधि लागू करना, रिक्त पदों को भरने, कार्यालय सहायक की भर्ती और प्रायोजक बैंकों से प्रतिनियुक्ति कम से कम करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि देशभर के 14 ग्रामीण बैंकों में शुक्रवार को अधिकारी कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर रहे।