अवैध शराब और स्मैक के धंधे से परेशान काशीरामपुर मल्ला की महिलाओं का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। खुले आम शराब बेचने वाले दो युवकों को महिलाओं ने दबोच लिया और अन्य महिलाओं की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। महिलाओं ने अवैध शराब और स्मैक पर अंकुश न लगा पाने पर कोतवाली का घिराव कर हंगामा काटा। कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और मादक पदार्थ बेचने वालों से ग्रामीण परेशान हैं।
शुक्रवार दिन में काशीरामपुर मल्ला की महिलाएं क्षेत्र के दो युवकों को पकड़कर कोतवाली लाने लगी। तभी पुलिस को मामले की भनक लगी। पुलिस ने नजीबाबाद रोड स्थित पैट्रोल पंप के पास पहुंचकर दोनों युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया और थाने में बिठा लिया। महिलाएं पैदल ही थाने पहुंच गई और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। महिलाओं की अगुवाई गुड्डी देवी कर रही थी। उन्होंने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन भी सौंपा। कहा कि अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री से जहां बच्चे और किशोर इसकी चपेट में आ गए हैं, वहीं क्षेत्र का माहौल खराब हो गया है। मेहनत मजदूरी करने वाले लोग शराब पीकर पैसा बर्बाद कर रहे हैं। नशेड़ियों के जमघट के चलते महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रभारी कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थाने में हंगामा करने वालों में रानी देवी, भारती देवी, रजनी देवी, लीलावती, उषा देवी, सावित्री देवी, राजी, लक्ष्मी, शिक्षा, विमला देवी, प्रभा देवी, मंजू, धनवती, अनीता, राजबाला, कलावती, तारावती, चमनो देवी, सरोज, संतोष, गीता, कृष्णा, आरती देवी, ओमवती, बबीता, मिथलेश, सुषमा, किरन और धन्नो देवी समेत कई महिलाएं शामिल थी।