कोटद्वार में जौनपुर क्षेत्र के घरों में पहुंच रहा दूषित पानी।
- फोटो : अमर उजाला
नगरपालिका से जुड़े जौनपुर, कालाबड़ और आमपड़ाव में दूषित पानी आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, पदमपुर सुखरो के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से पीने का पानी नहीं आने से लोग परेशान हैं।
रविवार को नगरपालिका क्षेत्र से जुड़े जौनपुर, कालाबड़ और आमपड़ाव के घरों में दूषित पानी पहुंचा। सुनीता, अनीता, ममता, मधु और चंद्रमोहन जोशी आदि का कहना था कि पानी इतना लाल था कि न ही उससे खाना बनाया जा सकता था और न ही उससे कपड़े धोये जा सकते थे। कहा कि पहले दिनों भी कई बार घरों में दूषित पानी आ चुका है जिसकी शिकायत विभाग से की जा चुकी है। विभाग ने शिकायत करने के कुछ दिन बाद तक तो साफ पानी उपलब्ध कराया लेकिन रविवार को फिर से उनके यहां दूषित जल आने लगा। चेताया कि यदि विभाग ने स्वच्छ जल घरों में उपलब्ध नहीं कराया तो वह विभाग में प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, दूसरी ओर पदमपुर क्षेत्र के आशुतोष बौंठियाल, संजय कुमार गुुप्ता, संदीप सुंद्रियाल, रेखा बौंठियाल, दीपक बजरंगी और विपिन चौधरी का कहना है कि उनके इलाके में पिछले कई दिनों से पानी नहीं पहुंच रहा है। जलसंस्थान के सहायक अभियंता बीआर चौधरी का कहना है कि कुछ दिनों से लालपुर-बेलाडाट का ट्यूबवेल खराब होने से वहां पेयजल समस्या बनी हुई है। जल्द ही ट्यूबवेल ठीक करवा दिया जाएगा। जौनपुर क्षेत्र में गंदा पानी आने की शिकायत को शीघ्र ही दिखवाया जाएगा।