पौड़ी गढ़वाल जिले के विकास खंड कोट की कण्डवालस्यूं पट्टी के गांव बकरोडा के बाशिंदों ने सरकारी तंत्र को आइना दिखाने का काम किया है। ग्रामीणों ने वर्ष 2013 में बादल फटने के बाद से जमींदोज हो चुकी गांव की एकमात्र पेयजल योजना को श्रमदान के जरिए दुरुस्त कर दिया।
कनिष्ट उप प्रमुख क्षेत्र पंचायत सदस्य बकरोडा संपत्ति देवी, पूर्व ग्राम प्रधान धनवीर सिंह, बुजुर्ग रघुनाथ सिंह, हरी सिंह, नवयुवकों और सभी महिलाओं ने मिलजुलकर बकरोडा के भंगर गदेरे के पेयजल स्रोत को खोलने की ठानी। करीब पंद्रह दिनों की अथक मेहनत के बाद ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान के जरिए स्रोत को सुचारु कर दिया। स्रोत खोलने का नेतृत्व कर रहीं कनिष्ठ उप प्रमुख संपत्ति देवी ने कहा कि इस कार्य को करने की प्रेरणा उन्हें उनके पति पूर्व ग्राम प्रधान धनवीर सिंह की ओर से मिली। ब्लाक प्रमुख कोट सुनील लिंगवाल ने कहा कि आगे भी सामूहिक प्रयासों से ऐसे कार्य करते रहना होगा।