बदमाशों के हमले में गंभीर रुप से घायल रामगंगा बांध परियोजना के अवर अभियंता मुकेश कुमार की हालत में सुधार है। कालागढ़ पुलिस ने उन्हें कोटद्वार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। गोलीकांड में कालागढ़ पुलिस ने अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है।
बृहस्पतिवार को अपर पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने एसओजी की टीम के साथ कालागढ़ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की विवेचना शुरू कर बदमाशों की तलाश के लिए जाल बिछाया गया है।
कालागढ़ रामगंगा बांध परियोजना के केंद्रीय भंडार खंड तीन में तैनात जेई मुकेश कुमार को बुधवार शाम तीन अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रुप से घायल कर दिया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्जकर विवेचना प्रारंभ कर दी है। मामले के खुलासे के लिए कालागढ़ पुलिस के साथ एसओजी कोटद्वार को लगा दिया गया है। एसओजी प्रभारी विकास भारद्वाज ने अपनी टीम के साथ कालागढ़ में डेरा डाल दिया है। उधर, बांध परियोजना के एसई डीके शर्मा ने कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े इस मसले को गंभीर बताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। जेई संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार अन्य कर्मचारियों के साथ बृहस्पतिवार को कोटद्वार चिकित्सालय में पीड़ित जेई मुकेश कुमार का हाल जानने के लिए पहुंचे।