बेस अस्पताल में 24 घंटे के भीतर दो महिलाओं समेत चार कोरोना संक्रमितों की उपचार के दौरान मौत हो गई। कोरोना गाइडलाइन के अनुसार प्रशासन ने उनके शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। बेस अस्पताल के प्रबंधन ने बहुत जरूरी होने पर ही अस्पताल आने की अपील की। कहा कि हल्की बीमारियों का उपचार और दवाई स्थानीय चिकित्सा केंद्रों से ले लें।
सीएमओ डा. मनोज शर्मा ने बताया कि बेस अस्पताल में 24 घंटे के भीतर कालागढ़ की एक महिला समेत चार लोगों की मौत हुई है। इन लोगों का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा था। बताया कि झंडीचौड़ क्षेत्र में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। वह कोरोना संक्रमित थे। दुगड्डा ब्लाक के एक गांव निवासी 45 वर्षीय एक महिला का उपचार बेस अस्पताल में चल रहा था। उसकी रात को मौत हो गई। कालागढ़ निवासी 40 वर्षीय महिला को गंभीर हालत में गत दिवस बेस अस्पताल में भर्ती कराया था, जिसने रात को ही दम तोड़ दिया। नायब तहसीलदार डीएस नेगी ने बताया कि दो महिलाओं समेत चारों संक्रमितों के शवों को कोरोना गाइडलाइन के अनुसार परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।