कोटद्वार। विकासखंड एकेश्वर की मवालस्यूं पट्टी के अंतर्गत इंटर काॅलेज इंदिरापुरी में पूर्व छात्र मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाओं ने रंगारंग कार्यक्रमों से समा बांध दिया। उद्घाटन मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. यशवंत सिंह कठोच व पूर्व छात्र लेफ्टिनेंट कर्नल मेहरबान सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. कठोच ने कहा कि देश की आजादी के दिन स्थापित इस विद्यालय ने देश को कई अधिकारी दिए हैं। आज उन्हें गर्व हो रहा है कि उनके पढ़ाए विद्यार्थी व उसके बाद इस स्कूल से पढ़ चुके छात्र-छात्राएं सेना में अधिकारी से लेकर अन्य सरकारी क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं। सम्मेलन में मिलकर पुराने स्कूली दिनों को याद कर कई पूर्व छात्र व गुरुजन भावुक हो उठे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कई पूर्व छात्रों ने लोक संगीत, लोक नृत्य के कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वर्तमान में श्री देव सुमन विश्वविद्यालय में सहायक कुलसचिव पूर्व छात्र विजय रणवीर सिंह ने गढ़वाली कविता पाठ किया। समाजसेवी कवींद्र इष्टवाल ने विद्यालय को हर वर्ष पचास हजार रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में गुरुजनों के अलावा विद्यालय से अध्ययन के पचास वर्ष पूर्ण कर चुके पूर्व छात्रों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया पूर्व छात्रों की ओर से विद्यालय को चालीस कुर्सी-मेज भेंट करने के साथ ही विद्यालय में अध्यापकों व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी को देखते हुए एक कर्मचारी व दो अध्यापकों का मानदेय देने की घोषणा की। साथ ही छात्रों के स्कूल आने-जाने में सुविधा के लिए जल्द ही ट्रांसपोर्ट व्यवस्था कराने का संकल्प लिया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल मेहरबान चौहान की ओर से सभी पूर्व छात्रों व गुरुजनों का आभार जताया गया। गिरीश सुंदरियाल व रनवीर सिंह के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में मनमोहन शाह, नंदकिशोर इष्टवाल, हर्षपति सुंद्रियाल, सौकार सिंह रावत, महेंद्र डंडरियाल, मनमोहन घिल्डियाल और रमेश भट्ट आदि उपस्थित रहे।