कोटद्वार। भारत स्काउट एवं गाइड पौड़ी का तृतीय सोपान जांच परीक्षा शिविर रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानकीनगर में संपन्न हो गया। शिविर के अंतिम दिन स्काउट व गाइड को प्राथमिक उपचार एवं विभिन्न प्रकार के गांठें और बंधन के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी ने किया। शिविर में प्रतिभागी स्काउट गाइड ने स्काउट के नियम प्रतिज्ञा, विभिन्न प्रकार की गांठें, बंधन, प्राथमिक चिकित्सा, विभिन्न प्रकार के पुल, टेंट लगाना आदि विधाओं की परीक्षा दी। जीआईसी कोटड़ीढाग के स्काउट एवं जीजीआईसी कोटद्वार की भारत स्काउट एवं गाइडों द्वारा बनाया गया मंकी ट्रेसल पुल दर्शनीय एवं सराहनीय रहा।
समापन समारोह में मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने सभी स्काउट गाइड को देश सेवा, स्वच्छता, शिक्षा पर्यावरण के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। इस जांच परीक्षा शिविर में दुगड्डा, यमकेश्वर, द्वारीखाल, जयहरीखाल, रिखणीखाल एवं पोखड़ा ब्लॉक के 112 स्काउट और 88 गाइड़ों ने प्रतिभाग किया। बीईओ दुगड्डा अमित चंद के दिशा निर्देशन में आयोजित शिविर में जिला गाइड कमिश्नर पौड़ी शांति रतूड़ी, जिला संगठन आयुक्त गाइड शकुंतला बुड़ाकोटी, जिला संयुक्त सचिव मीनाक्षी ध्यानी, प्रदीप नेगी, राकेश भट्ट आदि मौजूद रहे। शिविर का संचालन भारत स्काउट गाइड के जिला संगठन आयुक्त रूप चंद्र लखेड़ा ने किया।