दुगड्डा-लैंसडौन मार्ग पर भिलासु गांव के पास जंगल में भीषण आग लग गई। जंगल की आग पास के एक होटल की ओर तेजी से बढ़ने लगी तो लोगों को कोटद्वार से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
एफएसओ अनिल त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर 1:37 बजे दुगड्डा-फतेहपुर मार्ग पर भिलासु गांव के पास जंगल में भीषण आग लग गई। सूचना पर फायर सर्विस यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। आग तेजी से एक होटल की ओर बढ़ रही थी। साथ ही वन विभाग के लैंसडौन रेंज के अधिकारी व कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो जंगल की आग होटल तक पहुंच जाती। फायर यूनिट में फायर कर्मी नवनीत सिंह, नरेंद्र दत्त शर्मा, लहरी सिंह रावत और कृपाल सिंह मौजूद रहे। संवाद