श्री नरेंद्र भाई मोदी विचार मंच के बैनर तले पूर्व सैनिकों ने चिलरखाल-लालढांग मार्ग निर्माण समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर तहसील में प्रदर्शन कर धरना दिया। उन्होंने मांगों के निराकरण के लिए सीएम को ज्ञापन भेजा।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नियमों के विरुद्ध रोडवेज बस स्टेशन, देवी रोड, दुगड्डा और डाडामंडी में सार्वजनिक स्थानों में शराब की दुकानें खोली हैं, जिससे यहां का माहौल खराब हो रहा है। सरकार ने अपने घोषणा पत्र में लालढांग चिलरखाल मार्ग के निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन तीन साल बाद भी मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय खोलने, मोटर नगर और खूनीबड़ में प्रस्तावित बस अड्डों का निर्माण शीघ्र करने की मांग उठाई। धरना-प्रदर्शन में मंच के संयोजक जीके बड़थ्वाल, अध्यक्ष सीपी डोबरियाल, अनूप बिष्ट, सुभाष कुकरेती, बलवान सिंह रावत, एसके नौगाईं, गोपाल सिंह रावत, उमेद सिंह चौधरी, सुरेश रावत, शूरवीर सिंह खेतवाल, सीपी धूलिया आदि शामिल रहे।