कोटद्वार। पूर्व सैनिक सेवा परिषद से जुड़े पूर्व सैनिकों ने बिजली के बिलों में अतिरिक्त शुल्क (एडिशनल चार्ज) वसूलने के विरोध में ऊर्जा निगम के विद्युत वितरण खंड कोटद्वार कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने अतिरिक्त शुल्क वसूली पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में अधिशासी अभियंता नंदिता अग्रवाल के माध्यम से अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता गढ़वाल जोन यूपीसीएल देहरादून को ज्ञापन भेजा है।
बृहस्पतिवार को पूर्व सैनिक सेवा परिषद से जुड़े पूर्व सैनिक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मालवीय उद्यान में एकत्र हुए। यहां से वे नारेबाजी करते हुए वह विद्युत वितरण खंड कोटद्वार के कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अभियंता नंदिता अग्रवाल को अधीक्षण अभियंता व मुख्य अभियंता को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूर्व सैनिकों ने कहा कि बिजली के बिलों में अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं पर अनावश्यक वित्तीय भार पड़ रहा है। इससे क्षेत्रवासियों में गहरा रोष है। कहा कि गत 19 जुलाई को इस संबंध में सीएम को ज्ञापन भेजा चुका है।
ज्ञापन में अतिरिक्त शुल्क वसूली पर रोक लगाने और जिन लोगों से अतिरिक्त शुल्क वसूला जा चुका है उनके आगे के बिलों में धनराशि को समायोजित करने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों परिषद के अध्यक्ष गोपालकृष्ण बड़थ्वाल, सीपी डोबरियाल, बलवंत सिंह रावत, मनोज बलूनी, रामरतन गुसाईं, दिनेश जुयाल, देवेंद्र सिंह नेगी, आशाराम हर्ष जखमोला और पुष्कर सिंह रावत आदि शामिल रहे।