कोटद्वार। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार और ओजस्विनी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 11 नवंबर से तीन सप्ताह का उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन यमकेश्वर के नीलकंठ में दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे वे खुद उद्यम कर सकें।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने बताया कि यह वेलनेस प्रशिक्षण कार्यक्रम है। यह प्रशिक्षण तोली पंचायत भवन, नीलकंठ में 11 नवंबर से पांच दिसंबर तक चलेगा। रविवार एवं अवकाश दिवसों को छोड़कर कुल 21 दिन का प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन 11 नवंबर को प्रातः 11:00 बजे होगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को वेलनेस, हेल्थ केयर एवं प्राकृतिक उपचार के क्षेत्र में व्यावहारिक व सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना है। कहा कि क्षेत्र के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होकर कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सकते हैं।