शिक्षा विभाग की ओर से पांच ब्लॉकों के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत एजूकेशन मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें मुख्य शिक्षा अधिकारी ने करीब 250 संवर्ग के कर्मचारियों को विद्यालय में कार्यालय प्रबंधन के गुर सिखाए।
शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार के सभागार में आयोजित कार्यशाला में मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज ने कहा कि शैक्षणिक व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कार्मिकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कर्मचारियों को कार्यालय प्रबंधन, समय प्रबंधन, पत्रों की ड्राफ्टिंग, अवकाश नियमों की जानकारी, प्रशासनिक कार्रवाई, बजट, जिला एवं राज्य योजना, समग्र शिक्षा अभियान कार्यों का अनुश्रवण, पीटीए का गठन, विद्यालय डीडीओ के दायित्व एवं अधिकार, अधिप्राप्ति नियमावली आदि कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। दुगड्डा ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने कर्मचारियों को वित्त प्रबंधन से संबंधित जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह रावत, राजकीय शिक्षक संघ के जिला मंत्री मनमोहन सिंह चौहान, अंकित कांबोज, कुलदीप सिंह रावत, विनोद रावत, विजय मधवाल, सुबोध ध्यानी, केवल सिंह नेगी आदि उपस्थित थे।