बीरोंखाल में विद्युत लाइन की मरम्मत करते ऊर्जा निगम के कर्मचारी।
- फोटो : KOTDWAR
तीन दिन पूर्व हुई भारी बर्फबारी के चलते बीरोंखाल व थलीसैंण विकासखंडों के सभी गांव अंधकार मे डूबे हैं। रविवार शाम तक स्यूंसी विद्युत सब स्टेशन तक ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई थी। सोमवार सुबह से ऊर्जा निगम के कर्मचारी विद्युत बहाली के लिए कार्य में लगे हुए थे। लेकिन, अभी भी दोनों ब्लाकों के कई गांवों के लोग अंधेरे मेें रहने को मजबूर हैं।
ऊर्जा निगम के कनिष्ठ अभियंता बारू सिंह चौहान ने बताया कि भारी बर्फबारी के चलते तारों बिजली के खंबो के टूटने के कारण दोनों ब्लॉकों में विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई थी। आज बैजरो, जिवई, भीडा, मझगांव, थलीसेण, बीरोंखाल, मैठणाघाट आदि बाजारों मे विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी नुकसान हुआ है वहां की विद्युत बहाली में अभी समय लगेगा।
उधर, भारी बर्फबारी के चलते ऐंठी मोटर मार्ग बंद है। संबंधित विभाग उसे खोलने का प्रयास नहीं कर रहा है। लोग सात किमी पैदल चलने को मजबूर हैं। सामाजिक कार्यकर्ता सतेंद्र रावत बताया कि चोरीखाल, पीठसैंण, सलोनधार मे अभी तक सड़क यातायात के लिए नहीं खुल पाई है। वहीं पीएमजीएसवाई द्वारा निर्मित सुंदर गांव से ऐंठी तक बर्फ से बंद हैं। जिसके कारण लोग पैदल आने जाने को मजबूर हैं। लोनिवि पाबो के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार का कहना है कि आज थलीसैंण चोरीखाल मोटरमार्ग खोल दिया जाएगा।