कोटद्वार। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत अपने निजी कार्यक्रम के तहत कोटद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कण्वाश्रम का भी भ्रमण किया। उन्होंने कण्वाश्रम के विकास पर तेजी से काम करने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। कोटद्वार में जिला सहकारी बैंक की प्रगति के संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
कोटद्वार पहुंचे मंत्री डॉ.धन सिंह ने जिला सहकारी बैंक परिसर में उत्तराखंड को-ऑपरेटिव फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन उमेश त्रिपाठी, बैंक प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत, शाखा प्रबंधक संजय कुमार रावत के साथ बैंक व्यवस्थाओं को लेकर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बैंक से जुड़ी शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के प्रति गंभीर रहने, खाताधारकों को बेहतर बैंक सुविधाएं देने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक के नए भवन को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बेस अस्पताल कोटद्वार के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजयेश भारद्वाज एवं प्रबंधक बलबीर सिंह रावत से अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह रावत, मनोज पांथरी, पंकज भाटिया और आशीष रावत आदि उपस्थित रहे।
इससे पूर्व डॉ. धन सिंह रावत ने कण्वाश्रम क्षेत्र का भी दौरा किया। उन्होंने सांसद अनिल बलूनी और क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी से बात कर कण्वाश्रम प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाने में हर संभव मदद की बात कही।