कोटद्वार। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी की ओर से राज्य की द्वितीय भाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए राज्य के सभी 95 विकासखंडों में संस्कृत प्रतियोगिताएं 15 व 16 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। दुगड्डा विकासखंड की प्रतियोगिता उक्त तिथि पर जनता इंटर काॅलेज मोटाढांक और एकेश्वर ब्लॉक की प्रतियोगिताएं जीआईसी नौगांवखाल में आयोजित होंगी।एकेश्वर ब्लॉक के बीईओ गुंजन अमरोही व प्रतियोगिता के खंड संयोजक गणेश पसबोला ने बताया कि 15 अक्तूबर को कनिष्ठ वर्ग व 16 अक्तूबर को वरिष्ठ वर्ग की सभी प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिता में संस्कृत नाटक, संस्कृत समूह गान, संस्कृत समूह नृत्य, संस्कृत वाद-विवाद, संस्कृत आशु भाषण, संस्कृत श्लोक उच्चारण प्रतियोगिताओं में सभी वर्गों के प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में सफल छात्र-छात्राओं को अकादमी की ओर से नकद इनाम दिया जाएगा। उधर, दुगड्डा के बीईओ अमित चंद्र और खंड संयोजक कुलदीप मैंदोला ने बताया कि दुगड्डा ब्लॉक की प्रतियोगिताएं जनता इंटर काॅलेज मोटाढांक में होंगी। परीक्षा की सभी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने विकासखंड के समस्त विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की है।