पेयजल के साथ-साथ परिवहन की समस्या से जूझ रहे शहरवासी, बनी है दुर्घटना की आशंका
कोटद्वार। जल संस्थान भूमिगत पेयजल पाइप लाइनों को दुरुस्त नहीं रख पा रहा है जिससे घरों तक दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है और पाइप लाइन में रिसाव होने से सड़क टूट रही है। मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही होने से राहगीरों की जान जोखिम में बनी हुई है।
शिवपुर की सघन आबादी से जुड़ा मार्ग शहर के दो महत्वपूर्ण मार्गों देवी रोड एवं बीईएल रोड को आपस में जोड़ता है। मार्ग पर स्कूल, दो किड्स स्कूल, कोचिंग सेंटर, जल निगम का स्टोर, मेडिकल स्टोर समेत कुछ अन्य प्रमुख संस्थान है। स्कूली बच्चों के अलावा शहरवासियों का आवागमन रहता है। मार्ग पर एमकेवीएन स्कूल गेट के सामने ही पाइप लाइन में रिसाव हो रहा है जिससे वहां बड़ा गड्ढा होने के साथ ही सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है।
इसके दोनों ओर तीन-चार अन्य जगहों पर रिसाव होने से पूरी रात पानी सड़क पर बहता रहता है। सुबह सड़क पर कई जगह जलभराव, कीचड़ और फिसलन होने से राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो रहा है। शिवपुर निवासी माधुरी देवी, दुर्गेश नेगी, पुष्पा रावत, रेखा रावत का कहना है कि पानी का प्रेशर कम होने के साथ कभी-कभी गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। अमिताभ कंडवाल, संजय सिंह, सीता देवी समेत कई लोगों का कहना है कि जल संस्थान का समस्या के समाधान के प्रति ध्यान नहीं है। मार्ग से दिन में कई बार भारी वाहन भी गुजरते हैं जिससे दुर्घटना की भी आशंका बनी है।
- पाइप लाइन को ठीक करने के लिए सड़क को खोदना पड़ेगा। इसके लिए लोनिवि अनुमति नहीं दे रहा है। विभागीय अनुमति मिलते ही पाइप लाइन मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा। -अभिषेक वर्मा, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान कोटद्वार।