पीडब्लूडी कालोनी निवासी एक विवाहिता ने ससुराल पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने विवाहिता के पति, सास, दो ननद और एक ननद के पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पुलिस की ओर से काउंसिलिंग के काफी प्रयास किए गए, लेकिन महिला के पति की ओर से मामले में कोई दिलचस्पी नहीं ली गई।
कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि गिवांई स्रोत स्थित पीडब्लूडी कालोनी निवासी विवाहिता आफरीन फातिमा ने पति सुएब, सास मेहरजहां, ननद शादिया परवीन और उसके पति मोहम्मद तारीक, दूसरी ननद नाजिया सभी निवासी जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश पर दस लाख रुपये नकद, कार और एयर कंडीशनर के लिए दबाव, मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वादी फातिमा ने तहरीर में कहा कि उसकी शादी 21 अक्तूबर, 2019 को मुस्लिम रीति रिवाज के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता की ओर से अपनी सामर्थ्य के अनुसार 15 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन इसके बाद भी ससुरालियों को तसल्ली नहीं हुई। वे 10 लाख रुपये नकद, कार और अन्य सामान लाने के लिए दबाव बनाते रहे। दहेज के लिए ससुराल में उसके साथ मारपीट की जाती रही। कहा कि बीते 25 जुलाई को ससुराल पक्ष ने मारपीट की और मायके पक्ष की ओर से दिया गया जेवर, सोना, चांदी छीनकर उसे घर से निकाल दिया, तब से वह मायके में रह रही है। कहा कि पति की ओर से दहेज न लाने पर तीन तलाक का गलत नोटिस भेजकर तलाक की धमकी भी दी गई। इस पर पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में स्थापित महिला हेल्प डेस्क की ओर से मामले में काउंसिलिंग के प्रयास करते हुए ससुराल पक्ष को बुलाया गया लेकिन उनकी ओर से कोई नहीं आया। इस पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।