सतपुली पुलिस की ओर से नशा मुक्ति जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत इंटर कालेज दुधारखाल में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं से नशे और अपराधों से दूर रहने की अपील की गई। कहा गया कि छात्राएं किसी की भी ओर से किए गए अपमानजनक व्यवहार को नजरअंदाज न करें।
सतपुली थानाध्यक्ष लाखन सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र सेमवाल के साथ पुलिस कर्मी इंटर कालेज दुधारखाल पहुंचे। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में थानाध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं को अपराधों की रोकथाम, महिला अपराध, मानव तस्करी, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों और आपातकालीन फोन नंबर 112 आदि के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशा अपराधों की जननी है। पहले बच्चे नशा करते हैं और बाद में लत लग जाने के कारण पैसों के लिए अपराध करते हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि उनके साथ कोई भी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार या छेड़छाड़ करता है तो ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज न करें। इसकी सूचना तत्काल अपने परिजनों और पुलिस को दें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बढ़ते इंटरनेट के प्रयोग और ऑनलाइन गेम के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी।