आपदा प्रबंधन की ओर से आपदा से संबंधित चित्रकला (पोस्टर) प्रदर्शनी का बृहस्पतिवार को यहां प्रेक्षागृह में आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के 45 छात्र-छात्राओं की ओर से बनाए गए पोस्टरों का प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी चंद्रशेखर भट्ट, सीडीओ डा. विजय कुमार जोगदंडे ने पोस्टरों का निरीक्षण किया।
प्रदर्शनी में शामिल पोस्टरों में से पांच उत्कृष्ट चित्रों का चयन समिति की ओर से किया गया। इनको सम्मानित किए जाने के लिए शासन को छात्र-छात्राओं के नाम भेजे गए। राजकीय प्राथमिक विद्यालय चोपड़ा में अध्ययनरत कक्षा पांच के छात्र गौरव भंडारी, जीआईसी पोखड़ा की छात्रा सोनाली बिष्ट, जीआईसी कोट की छात्रा पूजा जुयाल, जीआईसी कल्जीखाल की छात्रा श्वेता पटवाल, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कड़ेखाल की छात्रा मनीषा का नाम सम्मानित किए जाने के लिए भेजा गया है।
इसके अलावा प्रदर्शनी में स्वजल की ओर से स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित चित्रकला का भी प्रदर्शन किया गया। छात्र-छात्राओं की ओर से बनाए गए स्वच्छता के प्रति जागरूक करने संबंधित चित्रों का प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार जेपी सेमवाल, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी, आपदा समन्वयक हबीबुर्र रहमान, जिला सूचना अधिकारी प्रकाश भंडारी, शैलेंद्र भंडारी, प्रमेंद्र रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत व जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक हरेराम यादव आदि मौजूद रहे।