कोटद्वार। जयहरीखाल क्षेत्र के इंटर कॉलेज धौलखेतखाल में खेले गए शिव-द्वारिका स्मृति वॉलीबाल टूर्नामेंट में इंटर कॉलेज धौलखेतखाल चैंपियन बना। टूर्नामेंट की विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
शनिवार को इंटर कॉलेज धौलखेतखाल में खेले गए फाइनल मुकाबले में धौलखेतखाल ने कंदोली की टीम को दो सेट में ही 25-12, 25-17 के बड़े अंतर से हराते हुए चैंपियनशिप पर कब्जा किया। निर्णायक में सूरज रमोला, चिराग कुकरेती, सिद्धार्थ कुकरेती एवं सागर रावत शामिल रहे। समापन समारोह में विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम से समा बांध दिया। मुख्य अतिथि गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी के प्रतिनिधि मेजर अभिषेक डोगरा एवं डॉ. प्रतिभा डोगरा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न, पुरस्कार राशि एवं ट्रैक सूट देकर पुरस्कृत किया गया।
वहीं, उत्तराखंड लोक साहित्य एवं सांस्कृतिक मंच कोटद्वार के अध्यक्ष सत्यप्रकाश थपलियाल ने जरूरतमंद स्कूली बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर दिए। कर्नल बुद्धिबल्लभ ध्यानी ने अतिथियों और आगुंतकों का आभार जताया। इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन पीएल खंतवाल, महासचिव रिपुदमन सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य जयवीर सिंह रावत, पूर्व रेंजर राजेंद्र प्रसाद पंत, बीना भारद्वाज और प्रधानाचार्य दीनदयाल भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।