कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती एक वृद्ध की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। मृतक को कोविड का कोई भी टीका नहीं लगा था। कोरोना नियमों के तहत उनका अंतिम संस्कार किया गया। वहीं जिला कोविड वार रूम से आई कोरोना रिपोर्ट में क्षेत्र के 11 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों को होम आइसोलेट कर उनका उपचार शुरू कर दिया है।
बेस अस्पताल के कोविड नोडल चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि करीब पांच दिन पूर्व भाबर क्षेत्र के लोकमणीपुर निवासी एक 71 वर्षीय वृद्ध बेस अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती हुए थे। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। उसी दिन वृद्ध का रैपिड एंटीजन और आरटीपीसीआर कोरोना टेस्ट किया गया। रैपिड टेस्ट में वे नेगेटिव आए और इसके तीन दिन बाद आई आरटीपीसीआर टेस्ट में भी उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। उपचार के बाद भी वृद्ध की तबीयत में सुधार नहीं होने पर 10 जनवरी को बेस अस्पताल में स्थापित ट्रूनेट मशीन से वृद्ध का कोरोना टेस्ट किया गया, जिसमें वे कोरोना संक्रमित पाए गए। पॉजिटिव रिपोर्ट आते ही वृद्ध को मेडिकल वार्ड से कोरोना वार्ड में शिफ्ट कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार देर शाम उनकी मौत हो गई।
उधर, सीएमओ डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि मृतक को कोविड का कोई भी टीका नहीं लगा था। इस कारण संक्रमण बढ़ गया। उन्होंने सभी से कोरोना का टीका लगवाने और कोविड गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को आई कोरोना रिपोर्ट में बिजनौर से कोटद्वार पहुंचे एक व्यक्ति, लालढांग से कोटद्वार पहुंचे एक किशोर, देहरादून से कोटद्वार पहुंचे दो व्यक्ति और एक महिला समेत कई लोग संक्रमित मिले हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दवाइयां उपलब्ध करा दी हैं। उनके सीधे संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है।