कोटद्वार। बेस अस्पताल इलाज के जाने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है। अस्पताल परिसर में जेबकतरे और चोर सक्रिय हैं। बृहस्पतिवार को सास का उपचार कराने आए एक व्यक्ति की जेब इन जेबकतरों ने काट ली। जेब कटने से परेशान तीमारदार ने घटना की सूचना अस्पताल के मैनेजर को तो दी है, लेकिन जेब कतरे का पता नहीं चल सका है।
मोटाढांक निवासी रिटायर्ड सूबेदार जनार्दन प्रसाद ने बताया कि उनकी सास के पैरों में दर्द की शिकायत होने पर वह शुक्रवार सुबह उनका उपचार कराने के लिए बेस अस्पताल पहुंचे। पर्ची बनाने के बाद वह आर्थोपैडिक चिकित्सक के रूम के बाहर लाइन में लग गए। इस दौरान जेब कतरों ने उसकी जेब काट ली। जेब कतरे उनकी जेब में रखी दो हजार रुपये की नकदी ले गए। उन्होंने घटना की जानकारी अस्पताल के प्रबंधक बीएस रावत को दी। प्रबंधक ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। होमगार्ड भी तैनात किए गए हैं। स्थानीय पुलिस को भी इन घटनाओं के बारे में जानकारी दी गई है।
एक अन्य तीमारदार रमेश सिंह नेगी ने बताया कि वह रजिस्ट्रेशन कराने के लिए लाइन पर खड़े थे। उन्होंने पास में हेलमेट रख दिया और पर्ची कटाने लगे, तभी उनका हेलमेट चोरी हो गया। तीमारदार रामचंद्र भट्ट, अनिल सिंह और विपिन कुमार ने बताया कि एक माह के भीतर इमरजेंसी समेत पुरुष और महिला वार्डों में चार्ज पर लगाए गए मोबाइल फोन चोरी होने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में लंबे समय से जेब कतरे और चोर सक्रिय हैं। जेब कतरे उपचार कराने के लिए लाइन में खड़े बीमार लोगों और उनके साथ आए तीमारदारों की जेब पर हाथ साफ कर रहे हैं। एसएसआई प्रदीप सिंह नेगी ने बताया कि उन्हें इस तरह के मामलों में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।