जाम खुलवाने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
मंदिर से काफी दूर खड़े कराए गए श्रद्धालुओं के वाहन
कोटद्वार। रविवार को सिद्धबली मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने बाबा के दर्शन कर सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पौड़ी हाईवे पर जाम की स्थिति रही। जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह से ही सिद्धबली मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कोटद्वार समेत यूपी के नजीबाबाद, बिजनौर, बढ़ापुर, नगीना, धामपुर आदि क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी होने से हाईवे पर जाम की स्थिति रही। तपती गर्मी में भी श्रद्धालु दर्शन के लिए लाइन में लगे रहे। तिलवाढांग चौकी के समीप हाईवे पर वाहनों का जमावड़ा लगा रहा।
मंदिर व फलाहारी बाबा मंदिर की पार्किंग खचाखच भरने के बाद हाईवे पर वाहन खड़े कराने पड़े। पुलिस ने बाद में आने वाली ट्रैक्टर ट्रालियों को बुद्धा पार्क के समीप डिग्री कॉलेज मार्ग पर खड़ा कराया। यहां से सिद्धबली मंदिर तक श्रद्धालुओं को तपती गर्मी के बीच पैदल आवाजाही करनी पड़ी। हाईवे पर भी दिनभर जाम लगता रहा। जाम को खुलवाने व यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। मंदिर के दर्शन के लिए जिला बिजनौर के राजपूत पब्लिक स्कूल किरतपुर क्षेत्र के बच्चे भी पहुंचे हुए थे।
मौज मस्ती के लिए खोह नदी में उतर रहे लोग, खतरा
कोटद्वार। भीषण गर्मी के चलते सिद्धबली मंदिर के नीचे खोह नदी में भी दिन भर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। नदी में नहाने के दौरान जहां हाथियों का खतरा बना है वहीं किसी अनहोनी की आशंका भी बनी है। दरअसल भीषण गर्मी के कारण इन दिनों हाथियों का झुंड भी खोह नदी में अचानक आ जाता है जिससे हाथी के हमले का खतरा बना है। वहीं, पूर्व में कई युवक नदी में नहाते वक्त डूब चुके हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्व में यहां चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं लेकिन इन चेतावनी बोर्ड का असर भी लोगों पर पड़ता नजर नहीं आ रहा है।