लैंसडौन। आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन में आयोजित दो दिवसीय सेंट्रल कमांड अंतर क्लस्टर अंडर-17 बालिका फुटबाल प्रतियोगिता का समापन हुआ। दूसरे दिन आर्मी पब्लिक स्कूल वीरपुर ने आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन को 5-0 से पराजित किया।
प्रतियोगिता की ओवरऑल विजेता आर्मी पब्लिक स्कूल-1 रुड़की की टीम रही। एपीएस वीरपुर की टीम उपविजेता रही। मुख्य अतिथि जीआरआरसी लैंसडौन के डिप्टी कमांडेंट कर्नल कुलदीप सिरोही ने छात्राओं के उत्साह, समर्पण एवं खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बालिकाओं को आगे बढ़ने एवं अपनी प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने टूर्नामेंट में सहयोग के लिए अधिकारियों, शिक्षकों, प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल वीरपुर, आर्मी पब्लिक स्कूल-1 रुड़की एवं आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन की टीमों ने प्रतिभाग किया था। संवाद