अनलॉक-5 में मिली छूट के बाद वीकेंड पर कोटद्वार के सिद्धपीठ श्री सिद्धबली बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। बड़ी संख्या में लोगों के मंदिर आने से सनेह मार्ग पर वाहनों का जाम लगा रहा। यातायात सुचारु करने के लिए पुलिस कर्मियों को पसीना बहाना पड़ा। पुलिस कर्मियों की सख्ती के कारण श्रद्धालुओं ने कोरोना के नियमों का पालन करते हुए सिद्धबाबा के दर्शन किए।
रविवार सुबह से ही यूपी के बिजनौर, नजीबाबाद, धामपुर, मुरादाबाद, हापुड़, दिल्ली, हरियाणा, देहरादून, हरिद्वार और स्थानीय लोग मंदिर में सिद्धबली के दर्शन करने के लिए पहुंचे। मंदिर में रविवार को भीड़ को देखते हुए सुबह से ही मुख्य द्वार से लेकर मंदिर तक पुलिस कर्मी तैनात रहे। वाहनों की भीड़ के कारण मंदिर की पार्किंग फुल रही। लोगों को सनेह मार्ग पर वाहन खड़े करने पड़े, जिस कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। सनेह क्षेत्र को जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस को बार बार जाम खुलवाने में पसीना बहाना पड़ा। मंदिर समिति के अध्यक्ष कुंज बिहारी देवरानी ने बताया कि रविवार को देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्री सिद्धबली बाबा के दर्शन किए और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।