फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kotdwar News: जयगांव में ओलावृष्टि से 30 किसानों की फसलें बरबाद

Sun, 11 Oct 2026 06:49 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कोटद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन
दुगड्डा (कोटद्वार)। ब्लॉक के जयगांव में तीन दिन पूर्व हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ओलों की मात्रा अधिक होने और आकार बड़ा होने के कारण खेतों में खड़ी सब्जियों और दलहनी फसलों को क्षति हुई है। स्थिति यह है कि अब तक भी गांव के खेतों में ओले के ढेर पड़े हुए हैं।
विज्ञापन

यमकेश्वर विधानसभा के पौखाल क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत जयगांव वन क्षेत्र के बीच बसी है। वन्यजीवों से फसलों को होने वाले नुकसान के चलते ग्रामीणों ने पारंपरिक खेती के बजाय दलहनी फसलों, मसालों और सब्जियों की खेती शुरू की थी। अब ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है।

जानकारी के अनुसार, विगत नौ अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे से पौखाल क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। भारी मात्रा में बड़े आकार के ओले गिरने से खेतों में बोई गई फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं। ग्राम प्रधान सुमन बिष्ट के अनुसार, इस बार जयगांव के करीब 30 किसानों ने अपने खेतों में मिर्च, मंडुवा, उड़द, गहथ, अरबी, हल्दी और अन्य सब्जियां बोई थीं। ओलावृष्टि से इन फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन

ग्राम प्रधान का कहना है कि ओलावृष्टि से जालीदार (नेट) पॉली हाउसों को नुकसान पहुंचा है। ग्राम पंचायत में ओलावृष्टि से हुए नुकसान के संबंध में आपदा केंद्र, राजस्व विभाग और कृषि विभाग को अवगत करा दिया गया है। किसानों ने फसलों को हुए नुकसान के कारण आर्थिक संकट गहराने की आशंका जताई है।

जयगांव में ओलावृष्टि से नुकसान के संबंध में राजस्व उपनिरीक्षक से जानकारी ली जा रही है। नुकसान होने की दशा में मुआवजे के लिए रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।
- मनोहर सिंह नेगी, राजस्व निरीक्षक पौखाल क्षेत्र।

ग्राम प्रधान की सूचना पर राजस्व विभाग से नुकसान के संबंध में जानकारी मांगी गई है। रिपोर्ट उपलब्ध होने पर उच्च स्तरीय आदेशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- इंदू गोदियाल, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी कोटद्वार।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें