कोटद्वार। 19 जुलाई को गोविंद नगर निवासी महिला व्यापारी राजे भाटिया को सम्मोहित कर सोने की चेन और नकदी लूटने वाले बदमाश सीसीटीवी फुटेज कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान गोखले मार्ग समेत अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
गोविंद नगर निवासी महिला व्यापारी राजे भाटिया को सम्मोहित कर उनसे सोने की चेन और नकदी लूटने की घटना के एक सप्ताह बाद भी पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी है। अलबत्ता, पुलिस ने मामले की छानबीन तेजी से करनी शुरू कर दी है। इस मामले में पीड़ित महिला के बयान के आधार पर बाजार पुलिस चौकी ने गोखले मार्ग, देवी रोड और नजीबाबाद मार्ग पर लगे व्यापारियों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें बदमाशों के फोटो कैद पाए गए। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। बाजार चौकी इंचार्ज प्रदीप नेगी ने बताया कि जांच चल रही है। पहचान होते ही बदमाश सलाखों के पीछे होंगे। गोखले मार्ग स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवी के फुटेज में दोनों लुटेरे महिला के साथ गोखले मार्ग से नजीबाबाद रोड की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।