कोटद्वार। डॉक्टर के शराब के नशे में होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने डॉक्टर की पिटाई कर दी। वहीं पुलिस से मिली जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टर को अस्पताल से हटा दिया है। उधर, आरोपी संविदा डाक्टर ने भी कोतवाली पुलिस में कुछ लोगों के खिलाफ उसके साथ मारपीट और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की तहरीर दी है। घटना की जांच बाजार चौकी पुलिस इंचार्ज कर रहे हैं।
पुलिस उपनिरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि शनिवार रात को घमंडपुर निवासी धीरज सिंह अपनी मां को राजकीय बेस अस्पताल में ले गए थे। बताया कि उनकी मां का ब्रेन हैमरेज होने के कारण वह लकवाग्रस्त है। डॉक्टरों की सलाह पर घर में ही उनकी आहार नली लगाई गई थी, जो शनिवार शाम को निकल गई थी। आहार नली लगाने के लिए वे बेस चिकित्सालय पहुंचे, तो यहां तैनात चिकित्सक नशे की हालत में था और नली लगाने में आनाकानी करने लगा। इससे गुस्साए लोगों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी। पुलिस उपनिरीक्षक ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर डॉक्टर का मेडिकल कराया गया, जिसमें उसके शराब पीए होने की पुष्टि हुई है और इसकी रिपोर्ट अस्पताल प्रशासन को दी गई है। सीएमओ डा. बीएस जंगपागी ने बताया कि बेस अस्पताल से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।
उधर, आरोपी डाक्टर महेंद्र सिंह ने रविवार सुबह थाने पहुंचकर शनिवार रात की घटना की पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने कुछ युवकों द्वारा उनके साथ मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है। बाजार चौकी प्रभारी रवींद्र नेगी ने बताया कि चिकित्सक का मेडिकल कराया गया है।