किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर क्षेत्र के दलीपपुर निवासी देवेंद्र सिंह ने अवैध खनन की शिकायत करने पर खनन कार्य से जुड़े एक व्यक्ति पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में कलालघाटी पुलिस चौकी को तहरीर दे दी है। खनन कारोबारी की ओर से क्रॉस तहरीर देकर देवेंद्र सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दलीपपुर सिगड्डी निवासी देवेंद्र सिंह ने शनिवार को जशोधरपुर कलालघाटी पुलिस चौकी में मामले में तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने कहा कि शनिवार को वह किसी कार्य से क्षेत्रीय पार्षद के घर पर बैठे हुए थे। तभी खनन कारोबारी भारत अधिकारी वहां पहुंचा और उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। देवेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने पूर्व में क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की शिकायत जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन, कोटद्वार थाना प्रभारी और कलालघाटी चौकी प्रभारी से लिखित रूप में की थी। तब से खनन कारोबारी उससे रंजिश रखता है। उधर, खनन कारोबारी भारत सिंह अधिकारी ने भी देवेंद्र सिंह पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कलालघाटी चौकी पुलिस को क्रास तहरीर दी है। कलालघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ चौकी में तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।